बजट सत्र: अफसरों-कर्मियों के तबादलों और सेवा विस्तार घटाएगी सरकार

तबादलों पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया। हालांकि कुछ ही समय बाद विपक्षी विधायक सदन में लौट आए। सीएम ने बजट सत्र के दूसरे दिन बुधवार को सदन में कहा कि अफसरों और कर्मचारियों के तबादलों और सेवा विस्तार को सरकार घटाएगी। सीएम ने कहा कि बहुत जरूरी होने और तय नियम पूरा करने वालों को ही यह लाभ मिलेगा। कांग्रेस कार्यकाल में हुए तबादले याद करवाते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष को सुनने की आदत डालने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की ओर इशारा करते हुए मुकेश को कहा कि बुजुर्ग नेता साथ बैठे हैं, इनसे कुछ सीखो।


मुख्यमंत्री ने सेवा विस्तार और तबादलों के आंकड़े कांग्रेस सरकार के समय अधिक होने की बात भी कही। इस पर विपक्ष भड़क उठा। अग्निहोत्री ने कहा कि आप करें तो पुण्य और हम करें तो पाप।

बुधवार को प्रश्नकाल शुरू होते ही विधायक रमेश धवाला के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जनवरी 2015 से जनवरी 2018 तक विभिन्न विभागों एवं बोर्डों/निगमों में 1160 कर्मचारियों को सेवा विस्तार दिया गया। इन पर 28.32 करोड़ वेतन के रूप में खर्च हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष परिस्थिति, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मी के स्तर का कर्मी उपलब्ध न होने और जनहित में सेवा विस्तार दिया जाता है। कांग्रेस सरकार ने इन नियमों का पालन नहीं किया। कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल के दौरान कुल 2397 सेवा विस्तार दिए, जबकि 1248 को पुनर्रोजगार दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में 213 सेवा विस्तार और 20 पुनर्रोजगार दिए।


213 सेवा विस्तार में 95 फीसदी मामले पटवारियों के हैं। पटवारी भर्ती में देरी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए यह फैसला लिया। अग्निहोत्री ने कहा भाजपा सेवा विस्तार और पुनर्रोजगार के खिलाफ थी तो इस पर पूर्ण रोक क्यों नहीं लगाई।

इस पर मुख्यमंत्री बोले, कांग्रेस के लिए आंकड़े परेशान करने वाले हैं। फिर मुकेश ने कहा, हम डरने वाले नहीं हैं। इस पर सीएम ने तल्ख लहजे में कहा, आपसे कौन डरता है। हमने जो करना है, वही करेंगे। उसके लिए हमें आप डिक्टेट नहीं कर सकते। कांग्रेस में सुनने की आदत नहीं रही है। सच्ची बात कड़वी ही लगती है।

दो साल में 53 हजार से ज्यादा अफसरों-कर्मियों के हुए तबादले
हिमाचल में अगस्त 2017 से जुलाई 2019 तक विभिन्न विभागों के तहत 53680 अफसरों और कर्मचारियों के तबादले हुए। विधायक राजेंद्र राणा के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इनमें से 43 हजार तबादले भाजपा सरकार के समय हुए, जबकि दस हजार तबादले कांग्रेस के समय हुए। कांग्रेस सरकार के पहले दो सालों में 41478 तबादले हुए। हमारी सरकार में 43 हजार हुए हैं। ऐसे में हम दो हजार ज्यादा है।


सीएए पर सब कुछ स्पष्ट, फिर भी हो रही राजनीति : जयराम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम पर सब कुछ स्पष्ट है। फिर भी राजनीति हो रही है। ट्रंप के भारत आने के दौरान इस वर्ग ने एक गलत संदेश देने का प्रयास किया गया है। ऐसे लोगों के साथ सख्ती से निपटने की जरूरत है। सीएम जयराम ठाकुर बुधवार को प्रदेश विधानसभा परिसर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि इस देश में सहजता और सरलता बहुत बड़े एक वर्ग के लोगों को भा नहीं रही है। किसी की नागरिकता रोकी नहीं गई है। किसी की नागरिकता नहीं गई है। सारा राजनीतिक मकसद से किया जा रहा है। आग में घी डालने वाली बात हो रही है।

नड्डा पहली बार आ रहे हिमाचल, भव्य स्वागत करेंगे : जयराम
केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। उनका निजी कार्य है। बेटे की शादी है। सोलन में उनका भव्य स्वागत करेंगे। यहां पार्टी के सभी साथियों से मिलेंगे। 28 को उन्होंने बिलासपुर जाना है। बिलासपुर में भी उनका अभिनंदन कार्यक्रम रखा गया है।